सावधान! मोबाइल Update होते ही हुआ हैक, खाते से गायब हुए 1.90 लाख रुपए
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 01:16 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आम लोगों के बाद अब पुलिस विभाग के कर्मचारी भी साइबर ठगों के निशाने पर आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदकोट में सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने पंजाब पुलिस के सीआईडी विभाग में तैनात एक कर्मचारी का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 90 हजार रुपए उड़ा लिए। इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोगर बस्ती, फरीदकोट निवासी गुरमीत सिंह कैंथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंजाब पुलिस के सीआईडी विभाग में नौकरी करता है। उसने बताया कि 17 अक्तूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे जब वह अपने कार्यालय में काम कर रहा था तो अचानक उसका मोबाइल फोन अपने आप अपडेट होने लगा। अपडेट होने के बाद मोबाइल फोन खुद ही चलने लगा। इसी तरह 18 अक्तूबर को दोपहर करीब 1 बजे उसका मोबाइल फोन दोबारा अपडेट हुआ और इसके बाद फिर से अपने आप ऑपरेट होने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ समय बाद उसके मोबाइल फोन पर एच.डी.एफ.सी. बैंक खाते से पहले 45 हजार रुपए और फिर 50 हजार रुपए कटने के मैसेज प्राप्त हुए। इसके बाद जब उसने गूगल-पे के माध्यम से अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि 17 अक्तूबर को भी उसके खाते से कुल 95 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। इस तरह साइबर ठगों ने दो दिनों के दौरान उसके बैंक खाते से कुल 1 लाख 90 हजार रुपए की रकम निकालकर ठगी को अंजाम दिया।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर अपराध संबंधी हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज करवाई। जांच के दौरान सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से रकम निकाल ली थी। इस मामले में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, क्राइम विंग मोहाली की ओर से शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर जीरो एफ.आई.आर. दर्ज की गई। इसके आधार पर थाना साइबर क्राइम फरीदकोट में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा ठगी की रकम किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई, इसका पता लगाने के लिए संबंधित बैंक खातों के लेन-देन संबंधी विवरण खंगाले जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

