ऑनलाइन Shopping पड़ी भारी! दिवाली ऑफर देख 65,000 में मंगवाई 1 लाख की LED, Box खोला तो उड़े होश
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:03 PM (IST)
श्री मुक्तसर साहिब (पवन तनेजा): दिवाली और त्योहारों का सीजन आते ही बाजारों में रौनक लग जाती है और लोग बंपर ऑफर के लालच में ऑनलाइन शॉपिंग को पहल देते हैं। लेकिन कभी-कभी ये सस्ती ऑनलाइन डील खुशी की जगह बड़ी मानसिक और आर्थिक परेशानी का कारण बन जाती हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला ऐतिहासिक शहर श्री मुक्तसर साहिब से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को 65,000 रुपये खर्च करने के बाद भी बॉक्स से LED की जगह सिर्फ 'खाली शीशा' मिला। यह घटना ऑनलाइन कंपनियों की सर्विस और सुरक्षा प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करती है।
क्या है पूरा मामला?
श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले राज बंसल ने दिवाली के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मशहूर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म 'फ्लिपकार्ट' से 65 इंच का सोनी LED टीवी ऑर्डर किया था। इस टीवी की मार्केट प्राइस करीब 1 लाख रुपये थी, लेकिन दिवाली ऑफर के तहत उन्हें यह 65 हजार में मिल रही थी। इसे देखकर उन्होंने पूरी एडवांस पेमेंट ऑनलाइन कर दी।
कुछ दिनों बाद, जब ऑर्डर आ गया, तो राज बंसल ने खुद अबोहर में फ्लिपकार्ट के ऑफिशियल डिलीवरी सेंटर (हब) से पैक्ड बॉक्स रिसीव किया और अपने घर ले आए। उस समय उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस बॉक्स को वे खुशी-खुशी घर ला रहे हैं, वह एक बड़ी धोखाधड़ी का शिकार होने वाले है।
जब बॉक्स खोला तो उड़े होश!
कंपनी के नियमों के अनुसार जब सामान घर पहुंचता है, तो टेक्निकल कर्मचारी आकर उसे फिट करते हैं। तय समय पर सोनी के कर्मचारी LED लगाने के लिए राज बंसल के घर पहुंच गए। यहां राज बंसल ने अपनी समझदारी दिखाते हुए बड़ी सावधानी बरती। बॉक्स खोलने से पहले उन्होंने अपना मोबाइल कैमरा ऑन किया और पूरा वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जैसे ही कर्मचारियों ने बॉक्स की सील तोड़कर सामान निकालने की कोशिश की, वहां मौजूद सभी लोगों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
इस डब्बे से न तो रिमोट निकला, न बिजली के तारें और न ही कोई एक्सेसरी। जब मेन स्क्रीन के पैनल को देखा गया, तो असली LED की जगह अंदर सिर्फ एक खाली ग्लास (पैनल) रखा था।
कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी
इस घटना के बाद पीड़ित राज बंसल ने तुरंत फ्लिपकार्ट के कस्टमर सर्विस सेंटर और सोनी कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने साफ कर दिया है कि वे इस मामले को अंजाम तक ले जाएंगे और अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटाएंगे।
आम लोगों के लिए जरूरी गाइडलाइन और सावधानियां
आज के डिजिटल जमाने में ऑनलाइन शॉपिंग जितनी आसान हो सकती है, उतनी ही रिस्की भी। हर आम नागरिक को इस घटना से सबक लेना चाहिए कि अनबॉक्सिंग का वीडियो जरूर बनाएं। जब भी आप कोई महंगा सामान (खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल या टीवी) ऑनलाइन ऑर्डर करें, तो बॉक्स खोलने से लेकर पूरा सामान निकालने तक लगातार वीडियो रिकॉर्ड करें। यही वीडियो कंपनी या कोर्ट में आपका सबसे बड़ा सबूत बनता है।
डिलीवरी बॉय के सामने चेक करें: जब डिलीवरी का सामान घर पहुंचे, तो कोशिश करें कि बॉक्स डिलीवरी वाले के सामने ही खोलें या सील को बाहर से अच्छी तरह चेक करें।
भरोसेमंद प्लेटफॉर्म और सेलर की जांच करें: ऑनलाइन सामान खरीदते समय, सिर्फ डिस्काउंट न देखें, बल्कि सेलर की रेटिंग और रिव्यू भी पढ़ें।
चुप न रहें, आवाज उठाएं: अगर आपके साथ भी ऐसा कोई फ्रॉड होता है, तो तुरंत कंपनी के कस्टमर केयर सेंटर पर लिखकर ईमेल भेजें और जरूरत पड़ने पर साइबर क्राइम या कंज्यूमर फोरम में शिकायत करने में हिचकिचाएं नहीं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

