महानगर में नहीं थम रहा लुटेरों का आतंक, दिनदहाड़े गैस सिलेंडरों के डिलीवरी कर्मचारी को लूटा

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 09:22 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में कमिश्नरेट पुलिस के तमाम दावों और नाकेबंदी को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ लुटेरे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते राहों रोड इलाके से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार दो शातिर लुटेरों ने गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले एक कर्मचारी को घेरकर उससे हजारों रुपये की नकदी लूट ली और बड़े आराम से फरार हो गए। मॉडल कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित प्रताप यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जगत नगर स्थित सिमरन गैस सर्विस में बतौर सप्लाई मैन काम करता है। बीते दिन 6 जून की दोपहर वह कंपनी के ऑटो रिक्शा पर गैस सिलेंडरों की डिलीवरी देने के बाद वापस गोदाम की तरफ लौट रहा था।

पीड़ित के मुताबिक, दोपहर करीब पौने 4 बजे जैसे ही वह नगेन्द्र नगर के पास पहुंचा, तो पीछे से एक बिना नंबरी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने प्रताप यादव को डराया-धमकाया और उसकी जेब में रखी गैस सिलेंडरों की बिक्री के करीब 12 हजार रुपये जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज लूट के बाद हरकत में आई थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गौरतलब है कि इस इलाके में सिलेंडर सप्लाई करने वाले कर्मचारियों के साथ लूट का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार यहां के बेखौफ लुटेरे इन बेकसूर कर्मचारियों को अपना शिकार बना चुके हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News