Ludhiana : हौजरी फैक्ट्री में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, CCTV में कैद हुआ मंजर
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना (राज): शिवपुरी क्षेत्र के नजदीक पड़ते प्रीतम नगर इलाके से दिनदहाड़े चोरी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ बाइक सवार चोरों ने एक हौजरी फैक्ट्री को अपना निशाना बनाते हुए यार्न यानी धागे के दो कीमती बोरे उड़ा लिए। चोरों की यह सारी करतूत फैक्ट्री के भीतर और बाहर लगे तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से इलाके के तमाम हौजरी कारोबारियों और व्यापारियों में भारी दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
फैक्ट्री के मालिक जसवी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रीतम नगर स्थित उनकी फैक्ट्री में रोजाना की तरह आम दिनों की तरह ही कामकाज चल रहा था। इत्तेफाक से उनका चौकीदार एक दिन की छुट्टी पर गया हुआ था और काम के सिलसिले में फैक्ट्री का मुख्य गेट खुला हुआ था। इसी बीच बाइक पर सवार होकर आए दो शातिर युवक इलाके में रेकी करने लगे। उन्होंने फैक्ट्री के बाहर कई चक्कर काटे और माहौल को भांपने की कोशिश की। जैसे ही आरोपियों ने देखा कि गेट पर कोई भी सुरक्षाकर्मी या सेवादार मौजूद नहीं है, उन्होंने पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दे डाला। शातिर चोरों ने आपस में सेटिंग की और एक युवक बाइक को स्टार्ट रखकर बाहर ही खड़ा रहा, जबकि उसका दूसरा साथी बिल्ली की तरह दबे पांव फैक्ट्री के अंदर दाखिल हो गया। उसने हॉल में रखे यार्न के दो भारी-भरकम बोरे उठाए, उन्हें फुर्ती से बाइक पर लादा और दोनों आरोपी देखते ही देखते रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित फैक्ट्री मालिक के अनुसार चोरी हुए इन दोनों बोरों की कुल कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपए के आसपास है। जब तक फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों को सामान गायब होने का अहसास हुआ और उन्होंने बाहर दौड़कर आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, तब तक शातिर चोर काफी दूर निकल चुके थे। इसके बाद तुरंत फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया, जिसमें पूरी वारदात साफ तौर पर रिकॉर्ड मिली है।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश किस कदर बेखौफ होकर फैक्ट्री में दाखिल हुए और चंद मिनटों में ही हजारों का माल समेटकर फरार हो गए। एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, उस पर नंबर प्लेट तो लगी हुई थी लेकिन उस पर कोई नंबर अंकित नहीं था। चोरों की इस चालाकी के कारण अब पुलिस के लिए भी उनकी पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। उधर, पीड़ित फैक्ट्री मालिक जसवी ने कहा है कि वे इस पूरी वारदात और सीसीटीवी फुटेज के साथ थाना दरेसी की पुलिस को लिखित शिकायत दी हैं ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

