Punjab: सड़क के बीचों-बीच मोटरसाइकिल को लगाई आग! लोहे की रॉड से की तोड़फोड़, Video Viral
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 06:09 PM (IST)
फाजिल्का (कृष्ण): फाजिल्का से एक सनसनीखेज घटना का वीडियो सामने आया है, जो गांव राणा का बताया जा रहा है। सामने आए इस वीडियो में रात के समय बाजार में दुकानों के ठीक सामने सड़क के बीचों-बीच एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले किया हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें से आग की तेज लपटें निकल रही हैं।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि मोटरसाइकिल को आग लगाने के बाद एक युवक हाथ में लोहे की रॉड या कोई हथियार लेकर गुस्से में जलती हुई मोटरसाइकिल पर लगातार जोरदार वार कर रहा है। इस दौरान पास खड़ा एक व्यक्ति उसे रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है। बाद में एक अन्य युवक आगे बढ़कर उसे पकड़ता है और सड़क के किनारे ले जाता है।
घटना के समय आसपास की दुकानों के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा होकर यह पूरा मंजर देखते रहे। सड़क के ठीक बीचोंबीच मोटरसाइकिल जलने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ किनारे से निकलना पड़ा। यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोटरसाइकिल को आग किसने लगाई और इस झगड़े के पीछे असल कारण क्या था। पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

