नगर निगम के कर्मचारियों ने घेरा निगम दफ्तर

punjabkesari.in Thursday, Aug 03, 2017 - 01:04 PM (IST)

पटियाला (राजेश) : नगर निगम के मुलाजिमों की सांझा एक्शन कमेटी ने अपनी मांगों को लेकर नगर निगम दफ्तर का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। निगम कर्मचारियों का कहना था कि उनके पी.एफ. के खातों के बकाए जमा करवाए जाएं और मुलाजिमों को सही समय पर वेतन दिया जाए। 

इस संघर्ष में नगर निगम के अलग-अलग मुलाजिम संगठनों ने शिरकत की। म्यूनिसिपल वर्कर यूनियन के प्रधान नरेश बॉबी, स्वीपर यूनियन के प्रधान बिन्नी सहोता, ड्राइवर यूनियन के प्रधान सीता राम, नगर निगम टैक्नीकल कर्मचारी दल के प्रधान राजेश कुमार मनी भी शामिल हुए। मुलाजिम नेताओं ने कहा कि पिछले काफी समय से नगर निगम के कर्मचारियों का 10 करोड़ से ऊपर का पी.एफ. का बकाया नगर निगम प्रशासन ‘डकार’ गया है। मुलाजिमों के पी.एफ. के पैसे तो काटे गए हैं परंतु उनके खातों में जमा नहीं करवाए गए। एस.डी. सभा की तरफ से लावारिस लाशों का संस्कार करने के बदले निगम को भेजा गया अढ़ाई लाख रुपए का बिल पास करने का भी मुलाजिमों ने विरोध किया। 

मुलाजिमों का कहना था कि यह काम नगर निगम का नहीं है परंतु इसके बावजूद भी नगर निगम यह पैसे देने जा रहा है, जिसका मुलाजिम विरोध करते हैं। मुलाजिमों की मांग है कि हर कर्मचारी को महीने की 5 तारीख तक वेतन दिया जाए। इसके साथ ही बकाया डी.ए. की 50 प्रतिशत किस्त तुरंत दी जाए। मुलाजिमों ने इस संबंधी नगर निगम कमिश्रर को भी मांग पत्र दिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News