पति को छोड़ लिव-इन में रह रही थी महिला, 6 महीने बाद सुलझी कत्ल की गुत्थी
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 06:34 PM (IST)
लुधियाना(राज): थाना दुगरी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 6 महीने पहले हुए एक महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी को पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह मामला तब सामने आया था जब 11 नवंबर 2025 को 200 फुटा रोड पर नए बन रहे पुल के फ्लाईओवर के पास, शहीद भगत नगर (दुगरी) के इलाके में एक सफेद रंग के बोरे से अज्ञात महिला की लाश बरामद हुई थी। महिला का गला घोंटकर बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या की गई थी। इस संबंध में दुगरी पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा नंबर 192 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर श्री स्वपन शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों पर इस अंधे कत्ल का सुराग लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। डिप्टी कमिश्नर पुलिस जसकिरनजीत सिंह तेजा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पुलिस जोन-2 करनवीर सिंह और सहायक कमिश्नर पुलिस अंगरेज सिंह की अगुवाई में थाना दुगरी के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी माध्यमों व गुप्त सूचनाओं की मदद से मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के बाएं गुट पर 'B.J' नाम का एक टैटू बना हुआ मिला। पुलिस ने जब इस सुराग पर काम किया तो मृतका की पहचान उसके पति बबलू और 'ज्योति' (उम्र करीब 37 वर्ष) के रूप में की। उन्होंने बताया कि टैटू में 'B' का मतलब बबलू और 'J' का मतलब ज्योति था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, ज्योति मार्च 2025 से ऋषिपाल नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। ऋषिपाल लुधियाना के थाना मोती नगर के अंतर्गत आते सेक्टर 40, लवकुश कॉलोनी के मकान नंबर 53 का रहने वाला है। अक्टूबर 2025 में ज्योति ऋषिपाल का घर छोड़कर अपने बच्चों के साथ जमालपुर इलाके में एक किराए के मकान में रहने चली गई थी।
विवाद की शुरुआत 8 नवंबर 2025 को हुई जब आरोपी ऋषिपाल ज्योति को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर दोबारा लवकुश कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर ऋषिपाल ने ज्योति के गले में पहनी चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को छुपाने के लिए उसने ज्योति की लाश को एक बोरे में बंद किया, अपनी मोटरसाइकिल के पीछे लादा और 200 फुटा रोड पर बन रहे फ्लाईओवर के पास फेंक कर फरार हो गया।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ऋषिपाल (41) पुत्र वेदपाल को 18 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका ज्योति का मोबाइल फोन, उसका वोटर कार्ड, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और शव को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी पूरी तरह साफ किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

