ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने टेंपो चालक से मांगी रिश्वत, Live Video बनाकर खोली पोल, खूब हो रही वायरल
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 09:35 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर की ट्रैफिक पुलिस एक बार फिर विवादों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम पर सरेआम रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने पहले एक टेंपो चालक को रोककर उससे 500 रुपये की मांग की और बाद में 'सौदा' 300 रुपये में तय हुआ। रिश्वत पकड़े जाने के डर से चालाक पुलिसकर्मी ने यह रकम सीधे लेने के बजाय पास ही खड़े एक जूस वाले के पेटीएम (Paytm) अकाउंट में ट्रांसफर करवा ली। टेंपो चालक ने इस घटना की मोबाइल से वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो ने ट्रैफिक पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना जालंधर बायपास चौक की बताई जा रही है। टेंपो चालक नवदीप सिंह के मुताबिक वह लुधियाना की सड़क से गुजर रहा था, तभी वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के मुलाजिम ने उसे रोक लिया। पुलिसकर्मी ने गाड़ी के कागजात या किसी अन्य कमी का हवाला देकर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और मामले को रफा-दफा करने के एवज में 500 रुपये की रिश्वत मांग ली। गरीब टेंपो चालक ने जब इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, तो दोनों के बीच काफी देर तक बहस और मोलभाव चलता रहा। आखिर में पुलिसकर्मी 300 रुपये लेने पर राजी हो गया।
पकड़े जाने के डर से खेला 'डिजिटल गेम' :
टेंपो चालक का कहना है कि जब उसने नकदी न होने की बात कही, तो पुलिसकर्मी ने रिश्वत का एक नया और शातिराना तरीका निकाला। खुद सीधे तौर पर ऑनलाइन पेमेंट या कैश लेने से बचने के लिए पुलिसकर्मी ने चालक को पास ही स्थित एक जूस की रेहड़ी/दुकान पर भेजा। मुलाजिम के कहे अनुसार, टेंपो चालक ने उस जूस वाले के पेटीएम क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करके 300 रुपये पे कर दिए।
टेंपो चालक ने लाइव वीडियो बनाकर खोली पोल:-
पुलिसकर्मी को लगा कि डिजिटल लेन-देन के इस खेल में वह बच निकलेगा, लेकिन पीड़ित टेंपो चालक ने हिम्मत दिखाते हुए इस पूरी करतूत का लाइव वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में पीड़ित साफ तौर पर जूस वाले से पूछता नजर आ रहा है कि उसने किसके कहने पर और कितने पैसे ट्रांसफर करवाए हैं, जिसमें जूस वाला भी पुलिसकर्मी की तरफ इशारा करता दिख रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है, जिसके बाद लोग लुधियाना ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार में ऐसे मुलाजिमों पर तुरंत सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

