जालंधर : चोरी पे चोरी, फिर भी पुलिस के हाथ खाली, एक ही जगह 10 दिनों में 5वीं वारदात

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 03:10 PM (IST)

जालंधर (सोनू) : जालंधर के आदमपुर इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जंडूसिंघा रोड स्थित नंदा फार्म और उसके भट्ठे को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह चोरी की घटनाएं हो रही हैं, वहां से करीब 500 मीटर की दूरी पर CIA स्टाफ का कार्यालय भी मौजूद है। नंदा फार्म के संचालक राकेश चंद नंदा के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों में उनके फार्म और भट्ठे पर कुल 6 बार चोरी हो चुकी है। इनमें 5 वारदातें फार्म हाउस में हुईं, जबकि एक चोरी भट्ठे पर हुई। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतें और FIR दर्ज होने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही।

nanda farm

पीड़ित के अनुसार, पहली चोरी 28 तारीख को हुई थी। इसके बाद चोरों ने अगले ही दिन दोबारा धावा बोल दिया। इसके बाद कॉपर की तारें चोरी करने के साथ तोड़फोड़ की गई। फार्म में लगे ट्यूबवेल की तारें भी चोर ले गए। हाल ही में चोर दोबारा फार्म में दाखिल हुए और करीब एक घंटे तक वहां रहे। इस दौरान डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया गया।

राकेश चंद नंदा ने बताया कि भट्ठे को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। करीब 8 दिन पहले वहां से सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। पीड़ित का आरोप है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सिर्फ मौके पर पहुंचकर फोटो खींचने और FIR दर्ज करने तक सीमित नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने थाना प्रभारी से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। बाद में जब संपर्क हुआ तो उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

सबसे अहम बात यह है कि फार्म में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में संदिग्ध चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पीड़ित के मुताबिक, पहले चोर चेहरा ढककर आते थे, लेकिन अब बिना चेहरा छिपाए वारदात कर रहे हैं। सी.सी.टी.वी. फुटेज में उनके चेहरे भी साफ नजर आने का दावा किया गया है। लगातार हो रही वारदातों के बाद फार्म संचालक ने पुलिस से चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News