राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी एनम संधू का सम्मान, महिलाओं के लिए कर रहीं मिसाल कायम
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 06:47 PM (IST)
अमृतसर: उपेक्षित और नजरअंदाज की गई प्रतिभाशाली एवं उद्यमी महिलाओं को सम्मान देने वाली प्रसिद्ध महिला समाजसेवी संस्था होली सिटी वूमेन वेलफेयर सोसायटी की कोऑर्डिनेटर और राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी एनम संधू का विशेष रूप से स्वागत और सम्मान किया गया। सम्मान समारोह की रस्म सोसायटी की चीफ पैट्रन प्रिंसिपल कुसुम मल्होत्रा (यूएसए) द्वारा निभाई गई।
एनम संधू को यह सम्मान महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए किए जा रहे उनके सराहनीय प्रयासों तथा हाल ही में महिलाओं की गरिमा को समर्पित कार्यक्रमों में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया।
गौरतलब है कि महिला समाजसेवी संस्था होली सिटी वूमेन वेलफेयर सोसायटी पिछले डेढ़ दशक से महिला दिवस के अवसर पर उन महिलाओं को सम्मानित करती आ रही है, जिन्हें सरकारी या गैर-सरकारी स्तर पर कभी मान-सम्मान नहीं मिला। संस्था ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर उनकी कार्यशैली और योगदान को पहचान दिलाने का कार्य कर रही है।
इस मौके पर चीफ पैट्रन प्रिंसिपल कुसुम मल्होत्रा ने कहा कि सरकारें भले ही महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बातें करती हों, लेकिन वास्तविकता इससे काफी अलग है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारें वास्तव में महिलाओं के सम्मान के लिए गंभीर होतीं, तो देश में किसी भी महिला समाजसेवी संस्था की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि उनकी संस्था बिना किसी सरकारी सहायता के पिछले 16 वर्षों से लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिनके माध्यम से उन महिलाओं को आगे लाया जा रहा है, जिनकी प्रतिभा और कार्यशैली पर कभी किसी सरकारी विभाग की नजर नहीं पड़ी।
कुसुम मल्होत्रा ने कहा कि कई बार राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में ऐसी महिलाओं को सम्मानित कर दिया जाता है, जिनका किसी क्षेत्र में कोई विशेष योगदान नहीं होता, जबकि वास्तव में यह सम्मान किसी मेहनती, प्रतिभाशाली और उद्यमी महिला का अधिकार होता है।
उन्होंने कहा कि संस्था के संस्थापक एवं आयोजक जी.एस. संधू ने डेढ़ दशक पहले महिलाओं के सम्मान को लेकर जो सपना देखा था, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है और संस्था का कारवां लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्था को एनम संधू जैसी योग्य और युवा लड़कियों की जरूरत है, जो संस्था के असली उद्देश्य को महिलाओं तक पहुंचाने में सफल हों और एनम संधू इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही हैं।
इस दौरान उन्होंने कार्यक्रमों के लिए स्थान और सहयोग देने वाली शैक्षणिक संस्थाओं का भी धन्यवाद किया और कहा कि शैक्षणिक संस्थाएं संस्था के उद्देश्य के प्रचार-प्रसार का एक मजबूत माध्यम हैं।

