नवजोत कौर सिद्धू और परगट सिंह होंगे कांग्रेस में शामिल

punjabkesari.in Thursday, Nov 24, 2016 - 03:55 PM (IST)

चंडीगढ़:(धवन): मुम्बई में कपिल के शो में लग रहे नवजोत सिंह सिद्धू के ठहाकों के बीच उनकी पत्नी व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू तथा पूर्व अकाली विधायक परगट सिंह 28 नवम्बर को औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह ने आज रात 8.58 बजे ट्वीट करते हुए उक्त जानकारी दी।

 

कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत के बाद कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने उक्त ट्वीट किया है। नवजोत सिद्धू की कई दिनों से कांग्रेस नेतृत्व के साथ बातचीत चल रही थी।  कैप्टन के नजदीकी नेताओं ने बताया कि आज देर रात नवजोत सिंह सिद्धू, उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू तथा परगट सिंह दोनों ने कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के साथ उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। इस मुलाकात से पहले वह कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मिले, जिसमें उन्हें कांग्रेस में शामिल करने बारे निर्णय हुआ। उसके बाद देर रात कैप्टन ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुझे नवजोत कौर सिद्धू व परगट को कांग्रेस में शामिल करने बारे खुशी हो रही है। राहुल से बैठक के समय प्रियंका गांधी तथा गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे। 

PunjabKesari

सिद्धू दम्पति को लेकर लंबे समय से कशमकश चल रही थी। अकाली दल की तरफ से परगट सिंह ने भी पिछले दिनों पार्टी व विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले परगट सिंह ने मुख्य संसदीय सचिव पद भी स्वीकार करने से इंकार कर दिया था।  बताया जाता है कि आवाज-ए-पंजाब तथा कांग्रेस में हुई डील के तहत कांग्रेस द्वारा नवजोत कौर सिद्धू तथा परगट सिंह को कांग्रेस की टिकटें विधानसभा चुनाव में दी जाएंगी। 


अविनाश चंद्र 29 को कांग्रेस में शामिल होंगे
शिरोमणि अकाली दल को दोआबा में एक और झटका लगने जा रहा है क्योंकि पूर्व अकाली विधायक अविनाश चंद्र 29 नवम्बर को कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। इससे पहले अकाली दल के 4 विधायक कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह अविनाश चंद्र को 29 को औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल कर लेंगे। अविनाश चंद्र ने पिछले दिनों विधायक पद तथा अकाली दल से इस्तीफा दे दिया था।  


नवजोत सिद्धू पर सस्पैंस
पूर्व  राज्यसभा  सदस्य  नवजोत  सिंह सिद्धू के बारे में अभी सस्पैंस बरकरार  है।  कैप्टन के ट्वीट में नवजोत सिद्धू  का  नाम  शामिल नहीं था। बताया जाता है कि सिद्धू की सहमति से उनकी  पत्नी  कांग्रेस  में  शामिल  होने  जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News