अटारी में नशे के नेटवर्क पर NCB का शिकंजा, लुधियाना तक पहुंची जांच

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 12:03 PM (IST)

अमृतसर(नीरज) : नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एन.सी.बी. की टीम ने सीमावर्ती गांव अटारी के प्राइवेट अस्पताल में रेड करके भारी मात्रा में ट्रामाडोल व अन्य नशीली गोलियां जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार अस्पताल के मालिक के पास प्रतिबंधित गोलियां बेचने का लाइसैंस नहीं था लेकिन वह फिर भी गोलियां बेच रहा था। अस्पताल के अन्दर ही कैमिस्ट शॉप बनाई हुई थी लेकिन अस्पताल किसी अन्य डॉक्टर के नाम पर चलाया जा रहा था। एन.सी.बी. की टीम ने गांव में रहने वाले एक अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति के घर पर भी रेड की है। खबर लिखे जाने तक विभाग की तरफ से मामले की जांच की जा रही थी और एफ.आई.आर. दर्ज करने की कार्रवाई शुरु की जा रही थी। सूत्रों के अनुसार कैमिस्ट शॉप का मालिक लुधियाना के किसी दवा विक्रेता से ट्रामाडोल व अन्य नशीली गोलियां खरीदता था जिसकी सूचना मिलने के बाद एन.सी.बी. की एक अन्य टीम ने लुधियाना के दवा विक्रेता को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरु कर दी है।

पहले भी जब्त की जा चुकी हैं करोड़ों की ट्रामाडोल गोलियां
एन.सी.बी. की तरफ से ट्रामाडोल की गोलियां जब्त करने का मामला कोई नया नहीं है। इससे पहले भी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की ट्रामाडोल गोलियां व कोडीन सिरप जब्त किए थे। स्थानीय बाबा बकाला के एक झोला छाप डॉक्टर के स्कूटर से जब विभाग ने ट्रामाडोल गोलियां जब्त कीं तो आगे की जांच बढ़ते हुए उत्तराखंड तक पहुंच गई और उस फैक्टरी का खुलासा हुआ जहां ट्रामाडोल गोलियां तैयार की जाती थीं।

गत दिवस ही स्थानीय सरपंच ने किया था खुलासा
कस्बा अटारी की बात करें तो गत दिवस ही यहां के स्थानीय सरपंच ने खुलासा किया था कि गांव में 250 से ज्यादा लोगों की नशे की लत्त के कारण मौत हो चुकी है। नशे की आमद व ड्रोन की मूवमैंट के बारे में भी बकायदा वीडियो डालकर जानकारी दी गई थी। जिस दिन इसके बारे में खुलासा किया गया था उसी दिन एक अन्य नौजवान गगनदीप सिंह की भी मौत हो गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News