लुधियाना में नितिन नबीन का मान सरकार पर हमला, बोले- “गुरुओं का अपमान करने वाले CM को सजा देने का समय आ गया”

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 11:36 PM (IST)

लुधियाना: “गुरुओं का अपमान करने वाले मुख्यमंत्री को सजा देने का समय आ गया है। मौजूदा सरकार ने कर्ज लेकर पंजाब को एटीएम की तरह इस्तेमाल किया है। उनसे पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।” ये शब्द भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हैं। वह लुधियाना में पार्टी के सब-सर्किल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा में विशाल रैली की थी, जबकि नितिन नबीन ने सब-सर्किल स्तर के 8000 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर यह संकेत दिए कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने के लिए तैयार है।

PunjabKesari

नितिन नबीन ने कहा, “पंजाब के लोगों के लिए गुरुओं के सम्मान से बढ़कर कोई चीज नहीं है। जिस सरकार का मुख्यमंत्री ही गुरुओं का अपमान करे, उसे कैसे सहन किया जा सकता है। ऐसी सरकार को सजा देने का समय आ गया है।”

उन्होंने कहा कि पंजाब को 4 लाख करोड़ रुपये का कर्जदार बना दिया गया है। पिछले वर्षों के दौरान केंद्र से आए करोड़ों रुपये भी धोखाधड़ी करने वालों ने हड़प लिए। पंजाब को एटीएम के रूप में इस्तेमाल किया गया। पंजाब सरकार ने दिया बहुत कम, लेकिन लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। लोगों की जान की कोई कीमत नहीं रही। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावों के बाद इस सरकार से पंजाब की लूट की पाई-पाई वसूली जाएगी।

PunjabKesari

नितिन नबीन ने कहा कि पंजाब इस समय नशे, गैंगस्टरवाद और कर्ज की मार झेल रहा है। इस संकट से पंजाब को भारतीय जनता पार्टी ही निकाल सकती है, क्योंकि भाजपा जो कहती है, वह करती है। उन्होंने कहा, “हमने कहा था कि धारा 370 खत्म करेंगे और हमने करके दिखाया। कश्मीर में जहां कभी पाकिस्तान के झंडे लहराते थे, वहां आज शांति लौटी है और युवा मुख्यधारा में वापस आए हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। करीब 4 करोड़ लोगों को पीएम आवास योजना के तहत घर दिए गए हैं। करोड़ों महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सशक्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की 22 राज्यों में सरकारें हैं और पूरा देश तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन पंजाब में डबल इंजन सरकार न होने के कारण राज्य को इसका लाभ नहीं मिल रहा। इसी वजह से पंजाब विकास के मामले में पिछड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब के लोगों ने आखिर क्या गुनाह किया है।

PunjabKesari

नितिन नबीन ने पंजाब के लोगों से मौजूदा सरकार का तख्तापलट करने की अपील करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य विकसित पंजाब है। राज्य को फिर से शक्तिशाली, समृद्ध और मजबूत बनाना है।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के सत्ताधारी राज्य की संस्कृति, मर्यादाओं और मूल्यों का कत्ल कर रहे हैं। हमें पंजाब को बचाना है। इसलिए भाजपा के हर कार्यकर्ता को घर से बाहर निकलना होगा और हर घर, मोहल्ले, गांव और शहर तक जाकर नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों को पहुंचाना होगा तथा राज्य सरकार के कुशासन को बेनकाब करना होगा।

उन्होंने कहा, “मुझे भरोसा है कि भाजपा कार्यकर्ता सक्षम हैं। यदि वे एक बार पूरी ताकत से जुट जाएं तो हर बूथ कमेटी विकास और विरासत कमेटी बनकर उभरेगी और हम ‘सरबत के भले’ (सबके कल्याण) के उद्देश्य के साथ सफलता की ओर बढ़ेंगे।”

PunjabKesari

समारोह के दौरान बोलते हुए राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए आज से ही कमर कस लें। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त को चुनौती देने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान की निकम्मी और नालायक सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। आज से ही महाराजा रणजीत सिंह के खालसा राज जैसे भाजपा के राज की शुरुआत हो गई है। यह सरकार पंजाब को नशामुक्त, गैंगस्टरवाद मुक्त और खुशहाल बनाएगी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनते ही हरियाणा की तर्ज पर 24 फसलों पर एमएसपी (MSP) दी जाएगी और कर्मचारियों का महंगाई भत्ता प्राथमिकता के आधार पर जारी किया जाएगा।

इस सम्मेलन को भारतीय जनता पार्टी पंजाब के संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु, पंजाब मामलों के सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना, केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा और विजय सांपला ने भी संबोधित किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News