पंजाब में CM चेहरा देने की अभी जरूरत नहीं : भगवंत मान

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 08:32 AM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): पंजाब विधानसभा के लिए 2022 में होने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी दिल्ली की तरह ही जीत हासिल करेगी और लोक हितैषी सरकार बनाएगी। यह दावा पंजाब ‘आप’ प्रधान भगवंत मान ने किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर चल रही कौतुहल बेवजह व निराधार है। मान ने कहा कि ‘आप’ अभी लोगों से जुड़ेगी और चुनाव से पूर्व सी.एम. चेहरा देने की अभी कोई जरूरत नहीं है। चुनाव के वक्त पार्टी व विधायक तय करेंगे कि इस बारे में क्या करना है। 

सिद्धू ‘आप’ से जुड़ना चाहें तो खुले दिल से होगा स्वागत 
भगवंत मान ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि पार्टी या उनके स्तर पर नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर कोई औपचारिक या अनौपचारिक किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं हुई है। मान ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि सिद्धू के किरदार पर कोई ऊंगली नहीं उठा सकता और जैसी कि मीडिया में चर्चा चल रही है, वो ‘आप’ से जुड़ना चाहें तो उनका खुले दिल से स्वागत होगा। मान ने कहा कि उनके जैसे और भी कई साफ-सुथरे अक्स वाले सियासतदान हैं, जिनके आने से ‘आप’ और अधिक मजबूत होगी। सुखपाल सिंह खैहरा, सुच्चा सिंह छोटेपुर व डा. धर्मवीर गांधी की वापसी बारे मान ने कहा कि जो लोग केजरीवाल व पार्टी की लीडरशिप के खिलाफ निम्न स्तर की शब्दावली इस्तेमाल करते रहे हैं उनके लिए पार्टी दोबारा विचार नहीं करेगी। 

कई राज्यों ने दिल्ली सरकार के विकास मॉडल को अपनाना शुरू किया 
मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के इस राष्ट्र निर्माण अभियान को मोबाइल नंबर 9871010101 के जरिए जारी किया गया है और 24 घंटे के भीतर ही दिल्ली में 11 लाख लोगों ने मिस कॉल कर दी है। मान ने कहा कि इसके पीछे दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से स्कूल, अस्पताल, पानी, बिजली, महिला सुरक्षा व जन सरोकार से जुड़े मसलों समेत सभी क्षेत्रों में किया गया बदलाव बड़ी वजह रही। मान ने कहा कि आज देश के कई राज्यों में दिल्ली सरकार के विकास मॉडल को अपनाया जाना शुरू कर दिया गया है। कई राज्यों में दिल्ली का शिक्षा मॉडल और मोहल्ला क्लीनिक अपनाया जा रहा है। कुछ राज्य दिल्ली की तरह मुफ्त बिजली देने लगे हैं। इसका असर देश भर की जनता पर भी पड़ा है। वह भी अब जाति-धर्म की राजनीति से परेशान हो गए है। वह भी अब काम की राजनीति चाहते है। वह दिल्ली के विकास माडल को जानना चाहते है। इसी का नतीजा है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्र निर्माण अभियान से लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। मान ने कहा कि राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान की जानकारी देने वाले पोस्टर लगाए जाएंगे, ताकि लोग साथ जुड़ सकें।  

अकाली व कांग्रेसी नेताओं ने थामा ‘आप’ का झाड़ू
हाल ही में हुए जलालाबाद उपचुनाव में पार्टी टिकट न मिलने से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले जगदीप सिंह गोल्डी ने ‘आप’ का झाड़ू थाम लिया है। इसी के साथ शिअद नेता गुरप्रीत सिंह बनावाला, बलाचौर से पूर्व कांग्रेसी राम किशन कटारिया व संतोष कुमारी कटारिया, फतेहगढ़ साहिब से पंजाब एकता पार्टी के लखबीर सिंह राय ने भी भगवंत मान व अन्य लीडरशिप की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया।

‘काम की राजनीति’ के सहारे राष्ट्र निर्माण के अभियान में जुटी ‘आप’
मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्र निर्माण कैंपेन के तहत ‘काम की राजनीति’ को देश के हर घर तक लेकर जाएगी। पंजाब में इस अभियान की शुरूआत करते हुए मान ने कहा कि इससे 2022 की राह सशक्त होगी। मान ने कहा कि 23 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जो भी लोग ‘आप पंजाब’ से जुडऩा चाहेंगे, उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर स्वागत किया जाएगा। मिस्ड कॉल सदस्यता अभियान जारी करने के मौके मान ने कहा कि केजरीवाल के विकास मॉडल को पंजाब के घर-घर पहुंचाया जाएगा, साथ ही लोगों से काम की राजनीति से जुडऩे का आह्वान किया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों के सामने दिल्ली के मॉडल और पंजाब के माडल की तुलना को रखा जाएगा। जिससे उन्हें पता चल सकेगा कि दिल्ली में काम की राजनीति ने जनता के जीवन में किस तरह का बदलाव किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News