लुधियाना में ''ऑपरेशन प्रहार'' फेल! पुलिस दावों की उड़ी धज्जियां

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 12:12 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार' केवल कागजों तक ही सिमट कर रह गया है। बीती रात चोरों ने थाना हैबोवाल के अंतर्गत आते मेन रोड पर स्थित दो बड़े रेडीमेड गारमेंट शोरूमों को निशाना बनाते हुए पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दीं।

जानकारी के मुताबिक, शातिर चोरों ने हैबोवाल मेन रोड पर स्थित 'संत गारमेंट' और 'स्टाइलअप' शोरूम के ताले चटकाए और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़े इत्मीनान से शोरूम में हाथ साफ किया और वहां से लाखों रुपये की नकदी और कीमती कपड़े समेट कर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब दुकानदारों ने शटर टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए।

हैरानी की बात तो यह है कि हैबोवाल इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरियां हो रही हैं, लेकिन आरोप है कि पुलिस अपना 'क्राइम ग्राफ' कम दिखाने के चक्कर में मामलों को दबा रही है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि पुलिस एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज करने में आनाकानी कर रही है, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ रहे हैं।

'ऑपरेशन प्रहार' के दावों के बीच हुई इन बड़ी चोरियों ने इलाके के व्यापारियों में भारी रोष पैदा कर दिया है। भड़के हुए दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। दुकानदारों का कहना है कि "अगर मेन रोड पर शोरूम सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? पुलिस केवल नाकों पर चालान काटने में व्यस्त है, जबकि चोर सरेआम शहर को लूट रहे हैं।" अब देखना यह होगा कि क्या इस वारदात के बाद पुलिस कुंभकर्णी नींद से जागती है या फिर हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News