पंजाब से बाहर जाने-आने वाले रास्ते सील! Action में पंजाब पुलिस, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 11:12 AM (IST)

जालंधर/चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने 78वें दिन भी नशे के खिलाफ जंग जारी रखते हुए विशेष अभियान ‘ओ.पी.एस. सील-13’ चलाया, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती राज्य पंजाब में प्रवेश करने या बाहर जाने वाले सभी वाहनों की जांच करना था, ताकि नशा तस्करी और शराब तस्करी पर नजर रखी जा सके।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) गौरव यादव के निर्देशों पर सभी जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान सीमावर्ती जिलों के सभी एस.एस.पी. को सीमावर्ती जिलों के महत्वपूर्ण स्थानों पर संयुक्त नाका अभियान चलाने और राजपत्रित अधिकारियों/एस.एच.ओ. की निगरानी में सीलिंग प्वाइंटों पर मजबूत नाके लगाने के लिए अधिकतम संख्या में पुलिस बल जुटाने के निर्देश दिए गए। विशेष डी.जी.पी. कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 जिलों के कम से कम 92 प्रवेश/निकास बिंदुओं पर इंस्पैंक्टरों/डी.एस.पी. की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की मदद से समन्वित मजबूत नाके स्थापित किए गए हैं।

ये जिले 4 सीमावर्ती राज्यों और यू.टी. चंडीगढ़ के साथ सीमाएं सांझा करते हैं। 10 अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जिलों में पठानकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर, पटियाला, संगरूर, मानसा, होशियारपुर और बठिंडा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रवेश/निकास करने वाले 4244 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 511 का चालान किया गया और अभियान के दौरान 39 को जब्त किया गया। इसके अलावा, पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपना घेराबंदी और तलाशी अभियान (सी.ए.एस.ओ.) जारी रखा है और रविवार को 490 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 109 प्राथमिकी दर्ज करने के बाद 136 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 78 दिनों के भीतर गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 11860 तक पहुंच गई है।

विशेष डी.जी.पी. ने कहा कि छापेमारी के परिणामस्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 11.3 किलोग्राम हैरोइन और 3.48 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि 95 राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख में 1400 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में छापेमारी की और दिन भर चले अभियान के दौरान 532 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है और राज्य से नशे की समस्या के खत्म होने तक इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। विशेष डी.जी.पी. ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशे के खात्मे के लिए तीन-आयामी रणनीति - प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ई.डी.पी.) लागू की है, जिसके तहत पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ अभियान के तहत आज 103 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News