VIP की जगह VVIP कल्चर लाई मान सरकार, कानून व्यवस्था पूरी तरह फेलः परगट सिंह
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 03:46 PM (IST)
पंजाब डेस्क: कांग्रेस विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जालंधर के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीतिक नेतृत्व पूरी तरह विफल हो चुकी है, जिसके कारण पुलिस बल को कोई स्पष्ट दिशा नहीं मिल रही है।
AAP claimed to end VIP culture, but has instead imposed an even worse VVIP culture in Punjab.
— Pargat Singh (@PargatSOfficial) February 6, 2026
The entire police force is deployed to protect a few VVIPs, leaving common citizens without security.#LawAndOrder in Punjab has been left to fate. pic.twitter.com/SvaEeWeGIU
परगट सिंह ने ‘आप’ सरकार के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि जिस पार्टी ने VIP कल्चर खत्म करने की बात कही थी, उसी ने पंजाब में VVIP कल्चर लागू कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज पूरी पुलिस फोर्स केवल कुछ गिने-चुने VVIP लोगों की सुरक्षा में तैनात है, जबकि आम जनता को बिना किसी सुरक्षा के भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
जालंधर शहर की स्थिति पर चिंता जताते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि जालंधर जैसे शहर के पॉश इलाकों में धार्मिक स्थलों के बाहर खुलेआम गोलियां चल रही हैं। उन्होंने लक्की ओबरॉय हत्याकांड का हवाला देते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह आरोपी बेखौफ होकर गोलियां चलाते हैं और हत्या करके फरार हो जाते हैं। परगट सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मिलकर शहर के बिगड़ते हालात से उन्हें अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस अधिकारी जल्द कार्रवाई का भरोसा दे रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि सरकार हालात को काबू में करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उनके अनुसार यह वही पुलिस फोर्स है जिसने कभी आतंकवाद को काबू में किया था, लेकिन सही नेतृत्व के अभाव में आज प्रदेश के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

