खैहरा के घर पर कार्रवाई से गरमाई सियासत, प्रताप बाजवा की CM मान-केजरीवाल को सख्त चेतावनी
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:58 PM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अपने साथी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के घर हुई तोड़-फोड़ की कार्रवाई की सख्त शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी को घेरते हुए कहा कि सियासी ताकत हमेशा के लिए नहीं होती पर किए गए कामों की जवाबदेही स्थाई होती है। बाजवा ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि अन्यायपूर्ण आदेशों की पालना करने वाले हर अधिकारी और हर कार्रवाई को आने वाले समय में याद रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारों के इस तरह के गलत उपयोग को कभी भी भुलाया नहीं जाएगा। बाजवा के अनुसार सरकार द्वारा की गई ये कार्रवाई सत्ता का नाजायज इस्तेमाल है जिसका हिसाब देना होगा।
सुखपाल खैहरा के घर पर चलाया पीला पंजा
'आप' सरकार के आदेशों पर कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा का घर गिराने के लिए पंजाब के सीनियर पुलिस अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ भुलत्थ स्थित रामगढ़ रिहायश पर पहुंचे और उनके घर पर पीला पंजा चलाया गया। इस दौरान सुखपाल खैहरा डिच मशीन के सामने धरने पर बैठ गए। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे सीनियर अधिकारियों ने धरने पर बैठे सुखपाल खैहरा को जबरन हटा दिया और उनके विरोध के बावजूद डिच मशीन का इस्तेमाल किया गया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

