चन्नी गुट से मीटिंग के बाद राहुल गांधी से मिले प्रताप बाजवा, पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 03:43 PM (IST)

पंजाब डेस्क : पंजाब कांग्रेस में चल रहे क्लेश के बीच नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आज राहुल गांधी से मुलाकात की। संसद के बाहर इस मुलाकात दौरान के.सी. वेणुगोपाल भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार कल रात सुखजिंदर रंधावा के घर डिनर पर चन्नी गुट के नेताओं की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा, परगट सिंह, धर्मवीर गांधी और राणा गुरजीत सहित अन्य नेता शामिल हुए।

गौरतलब है कि जिस प्रकार से भूपेश बघेल के दौरे दौरान मीटिंगों और रैलियों में चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारे लगाए उसके बाद हाईकमान राजा वड़िंग के प्रधान बने रहने के ऊपर असमंजस में पड़ गया है। इसके चलते हाईकमान ने पंजाब के सभी जिलों में अपनी टीमें सर्वे के लिए भेजी हैं। उक्त टीमें सभी जिलों में सर्वे करके लोगों से यह जानकारी हासिल करेगी कि राजा वड़िंग के प्रधान बने रहने को लेकर उनके क्या विचार हैं। ऐसे में 25 अगस्त तक हाईकमान टीमों से मिली फीडबैक के आधार पर ही अपना फैसला सुनाएगी। सूत्रों से जानकारी मिली है कि हाईकमान तक इस बात की सूचना पहुंच चुकी है कि चन्नी गुट के नेताओं को पार्टी मीटिंगों के दौरान दरकिनार किया गया।

चरणजीत सिंह चन्नी के गुट के नेताओं ने अब प्रताप सिंह बाजवा को आगे कर दिया है। जानकारी के अनुसार चन्नी गुट के विधायकों सहित अन्य कई विधायकों ने हाईकमान के साथ मुलाकात करने के लिए प्रताप सिंह बाजवा तक पहुंच की। इसके बाद प्रताप बाजवा ने राहुल गांधी को एक लेटर भेजकर उनके साथ मीटिंग करने के लिए समय मांगा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News