Pathankot के भीड़भाड़ वाले चौक में दिनदहाड़े Snatching, महिला के कान से सोने की बाली छीनकर फरार हुए बाइक सवार
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 06:22 PM (IST)
पठानकोट(हरजिंदर सिंह गोराया): शहर में महिलाओं के कानों से सोने की बालियां छीनने वाले बाइक सवार लुटेरों के हौंसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना शहर के भीड़भाड़ वाले गाडी आहता चौक के पास हुई, जहां बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने खरीदारी करने आई एक महिला के कानों से सोने की बाली छीन ली और भाग गए। घटना के बाद आरोपी पास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए। थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नूरपुर खानी की रहने वाली उषा देवी अपनी बेटी और बहू के साथ खरीदारी करने पठानकोट शहर आई थीं। जब वह गाडी आहता चौक पर पहुंची तो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक उनके पास आए और उनके कान से सोने की बाली छीनकर तेज रफ्तार में मौके से भाग गए। महिला के चिल्लाने और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करने के बावजूद वे पकड़े नहीं जा सके।
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में दो संदिग्ध युवक स्कूटर चलाते दिख रहे हैं। दोनों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और जैकेट पहन रखी थी। फुटेज में उनके चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं और न ही स्कूटर का नंबर पढ़ा जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुई सोने की बाली बरामद की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

