Moga में चुनाव से पहले लगी कई पाबंदियां, जारी हुए नए आदेश
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 03:54 PM (IST)
मोगा(बिन्दा): नगर कौंसिल बाघापुराना और धर्मकोट के सदस्यों के चुनाव के लिए 28 नवंबर, 2026 को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट मोगा सागर सेतिया, आई.ए.एस. ने हथियार लाइसेंस धारकों के हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए जारी आदेशों में कहा है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी है। यह पाबंदी नगर कौंसिल बाघापुराना और धर्मकोट के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी हथियार लाइसेंस धारकों पर लागू होगी।
ये आदेश 14 नवंबर, 2026 से लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता समाप्त होने तक प्रभावी रहेंगे। आदेशों के अनुसार सेना के जवानों, अर्धसैनिक बलों और वर्दीधारी पुलिस कर्मचारियों को इस पाबंदी से छूट दी गई है। हालांकि, चुनाव उम्मीदवारों के सुरक्षा कर्मचारी और एस.पी.ओ. मतदान केंद्रों के अंदर हथियार नहीं ले जा सकेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

