Patiala: जिले में ई-रिक्शा ड्राइवर की बेरहमी से ह/त्या, रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 02:58 PM (IST)
पटियाला: जिले में ई-रिक्शा ड्राइवर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, हीरा बाग इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक ई-रिक्शा ड्राइवर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अभिषेक मलिक निवासी चौड़ा गांव के तौर पर हुई है। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ समय पहले आरोपी गुरसेव सिंह ने कथित तौर पर एक लड़की को बंधक बनाया था। उस समय अभिषेक मलिक ने लड़की को गुरसेव के चंगुल से छुड़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी बात को लेकर गुरसेव अभिषेक से रंजिश रखने लगा था।
इसी रंजिश के तहत शुक्रवार रात जब अभिषेक अपनी ई-रिक्शा लेकर हीरा बाग में बर्फ फैक्ट्री के पास से गुजर रहा था, तो रास्ते में गुरसेव ने अपने 4-5 हथियारबंद साथियों के साथ उसे घेर लिया। हमलावरों ने अभिषेक पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस दौरान अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बहने की वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मौके पर DSP पटियाला-2 जंगजीत सिंह रंधावा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी गुरसेव सिंह (गांव चौड़ा का रहने वाला) और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही हैं और दावा किया गया है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

