सट्टेबाज को क्यों बचा रहे हैं पी.सी.ए. के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान सलाहकार?
punjabkesari.in Thursday, Nov 10, 2022 - 02:30 PM (IST)

जालंधर(विशेष): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पी.सी.ए.) का फरसाद केवल एक व्यक्ति को लेकर है जिसके बारे में यह स्पष्ट हो चुका है कि वह सट्टेबाज है और क्रिकेट के सहारे वह सट्टेबाजी के साथ-साथ उन खिलाड़ियों को भी टीमों में डलवाने की हमेशा कोशिश करता रहता है। उसकी यह कोशिश इसलिए होती है जिससे उसे काफी कुछ हासिल करने का मौका मिलता रहता है।
अब पी.सी.ए. 2 गुटों में बंट चुकी है। एक गुट इस सट्टेबाज को हटाना चाहता है और एक गुट उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहता है और कदम-कदम पर ढाल बनकर उसे संरक्षण दे रहा है। यह सब कुछ आज ही नहीं हो रहा है। यह सिलसिला तब से है जब पी.सी.ए. के अध्यक्ष उद्योगपति रजिंद्र गुप्ता थे। उस समय एक आडियो टेप वायरल हुई थी जिसमें सट्टेबाजों के पैसे के लेन-देन पर गाली-गलौच हई थी। यह आडियो क्लिप आज भी कई लोगों के पास है। इस सिलसिले में राकेश हांडा ने पी.सी.ए. और पुलिस से एक्शन लेने की अपील की थी।
उस सट्टेबाज पर अध्यक्ष रजिंद्र गुप्ता ने एक्शन क्या लेना था, उलटा राकेश होंडा का इस सट्टेबाज से समझौता करवा दिया। यही नहीं कैप्टन सरकार के समय अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए इसे पुलिस के चंगुल से बचाने का काम भी रजिंद्र गुप्ता ने किया था। उद्योगपति रजिंद्र गुप्ता का पी.सी.ए. में घुसने का रास्ता केवल पैसा ही था और इसी के सहारे वह एक बार फिर अध्यक्ष बनने का ताना-बाना बुन रहे हैं।
यह रजिंद्र गुप्ता का ही प्रयास है कि 20 नवंबर को जनरल बॉडी की बैठक बुलाई गई है। सभी की निगाहें इस बैठक पर हैं। इसी बैठक में यह दिख जाएगा कि कौन-सा गुट क्या करता है और कैसा गुल खिलाता है। क्रिकेट से जुड़े कई लोग इस बात को लेकर परेशान हैं कि आखिर पी.सी.ए. के पूर्व अध्यक्ष का संबंध इस सट्टेबाज से क्यों और कैसे है और इससे भी बढ़कर क्रिकेट प्रेमियों को चिंता यह भी है कि पी.सी.ए. पर थोपे गए सलाहकार का संबंध इस सट्टेबाज से क्यों और कैसे है। एक प्रकार से अगर देखा जाए तो पी.सी.ए. का पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान सलाहकार इस सट्टेबाज को क्यों बचा रहे हैं?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here