रविवार और छुट्टियों के दिन भी खुले रहेंगे डाक घर, जानें वजह

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 12:17 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): डाक विभाग के गुरदासपुर डिवीजन द्वारा राखी के पवित्र त्यौहार को ध्यान में रखते हुए लोगों की सुविधा के लिए चुनिंदा पोस्ट ऑफिसों (डाकघरों) में विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत 15 जुलाई से 28 अगस्त तक आने वाले सभी रविवारों और सरकारी छुट्टियों वाले दिन भी मेल बुकिंग और आधार सेवाओं के लिए विशेष काऊंटर खुले रखे जाएंगे। इस नई सुविधा के तहत गुरदासपुर डिवीजन के अधीन आने वाले गुरदासपुर हैड पोस्ट ऑफिस, बटाला हैड पोस्ट ऑफिस, पठानकोट सब पोस्ट ऑफिस, दीनानगर सब पोस्ट ऑफिस, कादियां सब पोस्ट ऑफिस, धारीवाल सब पोस्ट ऑफिस और फतेहगढ़ चूड़ियां सब पोस्ट ऑफिस में विशेष कामकाज होगा।

इन डाकघरों में लोग राखी से संबंधित स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य जरूरी डाक सेवाओं का निर्बाध लाभ ले सकेंगे, ताकि त्यौहारों के दिनों में बहनों द्वारा भेजी जाने वाली राखियां समय पर पहुंच सकें। डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक ये निर्धारित पोस्ट ऑफिस रविवार और छुट्टी वाले दिन सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक लगातार खुले रहेंगे। डाक सेवाओं के साथ-साथ इन केंद्रों पर आम लोगों की सुविधा के लिए नए आधार कार्ड बनाने (एनरोलमैंट) और पुराने आधार कार्डों में संशोधन (आधार अपडेट) की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। अधिकारियों ने समूह इलाका निवासियों से इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News