पंजाब के बिजली खपतकारों को झटका! पावरकॉम ने लिया सख्त एक्शन, अब बिजली बिल...

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 11:07 AM (IST)

लुधियाना (खुराना): पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के डिफॉल्ट उपभोक्ताओं की आजकल शामत आई हुई है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टीमों ने लुधियाना जिले से संबंधित डिफॉल्ट उपभोक्ताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाइयां करते हुए अढ़ाई हजार के करीब बिजली कनैक्शन काट कर मात्र 50 दिनों में ही 178 करोड़ रु. के बकाया बिलों की रिकवरी करने में सफलता प्राप्त की है।

बिजली विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक लुधियाना जिले से संबंधित ईस्ट और वैस्ट सर्कल के अंतर्गत पड़ते शहरी इलाकों की 9 विभिन्न डिवीजनों सी.एम.सी. डिवीजन, सुंदर नगर, सिटी सैंटर, फोकल प्वाइंट, जनता नगर, सिटी वैस्ट, अग्र नगर, मॉडल टाऊन, एस्टेट डिवीजन के अलावा अड्डा दाखा, जगराओं, रायकोट, ललतों, अहमदगढ़ सब अर्बन के खन्ना, दोराहा, अमलोह, सरहिंद आदि इलाकों में कार्रवाई करते हुए 81966 डिफाल्टर उपभोक्ताओं से 178.10 करोड़ रु. की वसूली की है।

इस बीच जो अहम जानकारी उभरकर सामने आई है वह यह है कि जिन डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खाते में 100000 रु.से ऊपर के बिल बकाया खड़े हुए हैं उन सभी के बिजली कनैक्शन विभाग द्वारा काटे जा रहे हैं। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 1 जनवरी से लेकर 20 फरवरी तक के 50 दिनों में बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए 178.10 करोड़ रु. की रिकवरी की गई है।

सिफारिशें लगाने लगे डिफॉल्ट उपभोक्ता 

पावरकॉम के अधिकारियों के बड़े एक्शन के बाद अब डिफाल्टर उपभोक्ता सिफारिशें लगाकर बचने की कोशिश करने लगे हैं। लेकिन इस मामले में विभाग के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने दो टूक लफ्जों में साफ किया है कि पावरकॉम विभाग के पिछले लंबे समय से बकाया खड़े बिल जमा करवाने के बाद ही डिफाल्टर उपभोक्ताओं का छुटकारा हो सकता है नहीं तो विभाग द्वारा सभी के बिजली कनैक्शन काटने के साथ ही भारी भरकम जुर्माना ठोका जाएगा। चीफ इंजीनियर ने कहा कि पावरकॉम कभी नहीं चाहता है कि किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनैक्शन काटा जाए लेकिन उपभोक्ताओं को उचित समय पर बिजली के बिल जमा करवाने अति आवश्यक है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News