जालंधर–अमृतसर जीटी रोड पर लोगों का AAP सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, पढ़ें पूरा मामला
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 04:17 PM (IST)
जालंधर (माही): जालंधर–अमृतसर जीटी रोड पर लोगों द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, जीटी रोड स्थित सूरानुस्सी के गुरु नानक नगर इलाके के लोगों ने सीवरेज समस्या को लेकर पंजाब सरकार और जालंधर के मेयर के खिलाफ सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासियों ने बताया कि वार्ड नंबर 84 में लंबे समय से सीवरेज जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों का कहना है कि क्षेत्र के पार्षद लगातार सीवरेज खुलवाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से सीवरेज सफाई मशीन नहीं भेजी जा रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार गलियों में गंदा पानी जमा होने के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। पूरे इलाके में बदबू फैली हुई है, जिससे सांस लेना तक दूभर हो गया है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है, जिसके चलते उन्हें मजबूरन सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सीवरेज की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

