पंजाब में लगातार हो रहे पेपर लीक को लेकर ABVP का शिक्षा मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 05:50 PM (IST)
पंजाब डेस्क: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) चंडीगढ़ द्वारा पंजाब में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में आज पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से हाल ही में हुए फार्मेसी परीक्षा के पेपर लीक का विरोध जताते हुए छात्रों के साथ हुए अन्याय का मुद्दा उठाया तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रदेश मंत्री जसकरण सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एडीओ, नायब तहसीलदार, 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय तथा अब फार्मेसी परीक्षा का पेपर लीक होने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो छात्रों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष गौरववीर सोहल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब सरकार पेपर लीक मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं करती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तो परिषद आने वाले समय में पूरे प्रदेश में व्यापक और उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों में बैठा दिया। परिषद का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाया और उनकी लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया।

एबीवीपी ने सरकार से सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही परिषद ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी की। परिषद ने स्पष्ट किया कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

