PSEB 12th Result 2026: बेटियों ने फिर रचा इतिहास, 3 छात्राओं ने हासिल किए शत-प्रतिशत अंक
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 02:16 PM (IST)
मोहाली(नियामियां): पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) द्वारा आज 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें एक बार फिर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने नतीजों का आधिकारिक ऐलान करते हुए बताया कि इस वर्ष की परीक्षा में कुल पास प्रतिशत 91.46 रहा है। इस बार राज्य की मेरिट सूची में भी बेटियों का दबदबा देखने को मिला है।परिणामों के विवरण के अनुसार, साइंस स्ट्रीम की छात्रा सुप्रनीत कौर ने, जो रुको एकेडमी तबलक सीनियर सेकेंडरी स्कूल उभा (मानसा) से संबंधित हैं, 500 में से 500 अंक प्राप्त कर पंजाब भर में पहला स्थान हासिल किया है।

लुधियाना की सुहानी चौहान ने भी 500 में से 500 अंक प्राप्त कर राज्य में दूसरा स्थान पाया, जबकि शिमलापुरी लुधियाना की दिवांशी ने इसी स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। विशेष बात यह है कि ये तीनों छात्राएं होनहार खिलाड़ी भी हैं। सुप्रनीत कौर नेशनल लेवल की शूटर हैं, सुहानी चौहान बेसबॉल खिलाड़ी हैं और दिवांशी सॉफ्टबॉल की राज्य स्तरीय खिलाड़ी हैं, जिसके चलते इन्हें खेल कोटे के अंकों का लाभ भी मिला है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो इस साल कुल 2,65,417 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 2,42,755 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। लिंग के आधार पर विश्लेषण करें तो लड़कियों की पास प्रतिशत दर 94.73 रही है, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 88.52 दर्ज किया गया। इस बार परीक्षा में 6 ट्रांसजेंडर परीक्षार्थी भी शामिल हुए थे और सभी ने सफलता प्राप्त की है। मेरिट सूची में कुल 278 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है, जिनमें 217 लड़कियां और 61 लड़के शामिल हैं।
भौगोलिक दृष्टि से देखा जाए तो इस वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शहरी क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 91.63 रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 91.2 प्रतिशत दर्ज किया गया। सरकारी स्कूलों का परिणाम 91.41 प्रतिशत रहा और गैर-सरकारी स्कूलों ने 92.68 प्रतिशत की सफलता दर प्राप्त की है। विषयों के आधार पर कॉमर्स स्ट्रीम का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा जहां 98.78 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, वहीं साइंस में 98.47 प्रतिशत और ह्यूमैनिटीज में 87.74 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। ओपन स्कूल के तहत 12,390 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 7,937 पास हुए। बोर्ड ने जानकारी दी कि कुल 17,495 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है और 5,109 परीक्षार्थी फेल हुए हैं।
इन Steps को Follow कर करें चेक रिजल्ट
- सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाएं
- होम पेज पर दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें
- अपना रोल नंबर और नाम दर्ज करें
- इसके बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा
- भविष्य के लिए रिजल्ट डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकते हैं|

