PSEB ने शुरू किया नया पोर्टल: सर्टिफिकेट में बदलाव के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे बोर्ड ऑफिस के चक्कर
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 10:02 AM (IST)
मोहाली: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों और आम जनता को राहत देते हुए स्कूल सर्टीफिकेटों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। अब नाम, माता-पिता के नाम, जन्म तिथि सहित अन्य विवरणों में सुधार के लिए बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. अमरपाल सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि इस काम के लिए बोर्ड ने 'certificate.pseb.ac.in' नाम से नया पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेजों और नियमों की पूरी जानकारी दी गई है। आवेदक घर बैठे ही अपना फार्म भरकर दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे और ऑनलाइन फीस भी जमा करवा सकेंगे।
इसके साथ ही अपने आवेदन का स्टेटस भी ऑनलाइन ही ट्रैक किया जा सकेगा। पोर्टल पर सेवाओं से संबंधित शजरूरी दस्तावेज और आवेदन की गाइडलाइन भी उपलब्ध कराई गई हैं। बोर्ड ने आवेदकों से केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करने की अपील की है। पहले संशोधन की प्रक्रिया में 45 दिन तक लगते थे, जबकि अब इसे घटाकर 21 दिन कर दिया गया है।

