Punjab : चिट्टे ने उजाड़ा एक और परिवार, ओवरडोज से युवक की मौत, सड़क पर मिला शव
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 12:24 AM (IST)
बठिंडा (परमिंद्र) : रविवार सुबह गणेशा बस्ती मेन रोड पर अज्ञात युवक की चिट्टे की ओवरडोज से मौत हो गई। युवक का शव सड़क पर पड़े होने की सूचना मिलते ही नौजवान वैल्फेयर सोसायटी के वालंटियर सुमित माहेश्वरी, आकाश गर्ग एम्बुलैंस सहित तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतक युवक आयु 18 साल के करीब प्रतीत होती थी तथा उसकी दाईं बाजू में नशे का इंजैक्शन उसी प्रकार लगा हुआ था। इससे स्पष्ट हो रहा था कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई। मृतक युवक की फिलहाल कोई शिनाख्त नहीं हो पाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी पड़ताल की। पुलिस की कार्रवाई के बाद संस्था द्वारा शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। थाना सिविल लाइन पुलिस मामले में अगली कार्रवाई करने के साथ युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

