Punjab: जेलों में जल्द भर्ती होंगे 500 नए अफसर, जानिए किन पदों पर होगी नियुक्ति
punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 11:58 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मज़बूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जेल विभाग में 500 नए पदों पर भर्ती को मंज़ूरी दे दी गई है। यह भर्ती सीधी भर्ती कोटे के तहत होगी और इसका ज़िम्मा पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) को सौंपा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, जिन 500 पदों को भरने की मंजूरी दी गई है, उनमें शामिल 29 सहायक अधीक्षक (Assistant Superintendent), 451 वार्डर (Warder), 20 मैट्रन (Matron) होंगे।
यह कदम पंजाब की जेलों में दिन-ब-दिन बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। कैबिनेट का मानना है कि कर्मचारी कम होने के कारण जेलों में निगरानी पर असर पड़ रहा है, जिसे अब यह नई भर्ती दूर करेगी। पंजाब सरकार के इस फैसले से जहां जेलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी वहीं कैदियों पर नियंत्रण और निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। फिलहाल योग्य उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए नोटिफिकेशन का इंतज़ार करना होगा।