दर्दनाक हादसा : तीन युवकों की बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, दो घायल

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 07:59 PM (IST)

गुरदासपुर,  (हरमन/हरजिंद्र गोराया) : गुरदासपुर के जपुवाल स्थित सिटी फूड रेस्टोरेंट के नजदीक हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमृतसर के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमृतसर से पठानकोट अपने काम पर जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अमृतसर निवासी वंश (उम्र करीब 21-22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल बब्बरी में भर्ती कराया गया।

मृतक के पिता विशाल ने बताया कि वंश उनका छोटा बेटा था और मेलों में झूलों का काम करता था। वह अपने साथियों के साथ पठानकोट काम पर जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि यह हादसा संभवतः नींद की झपकी आने के कारण हुआ हो।

हादसे में घायल हुए सन्नी ने बताया कि रास्ते में अचानक उसकी आंख में मिट्टी या कोई अन्य चीज चली गई, जिससे मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। उसने बताया कि वह खुद झाड़ियों में जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन बाइक चला रहा वंश फुटपाथ से बुरी तरह रगड़ खा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिविल अस्पताल बब्बरी के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सहोता ने बताया कि अस्पताल में दो घायल युवकों को लाया गया था। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा, जबकि अंतिम संस्कार अमृतसर में किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News