पंजाब विधानसभा की Live कवरेज पर उठे सवाल, खैहरा ने लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 11:50 AM (IST)
चंडीगढ़ : कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने पंजाब विधानसभा की कार्यवाही की लाइव कवरेज को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया कि विधानसभा की जो लाइव टेलीकास्ट दिखाई जाती है, वह पूरी तरह पारदर्शी नहीं है और इसे नियंत्रित किया जा रहा है।

खैहरा ने अपने बयान में कहा कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में उनके लिए अपमानजनक और गलत भाषा का इस्तेमाल किया, लेकिन लाइव कवरेज के दौरान कैमरे के फ्रेम में उन्हें दिखाया ही नहीं गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह वास्तव में लाइव प्रसारण है, तो फिर विपक्ष के सदस्य फ्रेम में क्यों नहीं दिखाई देते। खैहरा ने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि विधानसभा की लाइव कवरेज “फेक लाइव” है। उनका दावा है कि इस प्रसारण को एक छोटे कमरे में बैठे लोग नियंत्रित करते हैं और इसे स्क्रिप्ट के अनुसार चलाया जाता है।
खैहरा ने यह भी आरोप लगाया कि इस कवरेज का नियंत्रण आम आदमी पार्टी से जुड़े दिल्ली आधारित लोगों के हाथ में है, जो विधानसभा के अंदर बैठकर लाइव टेलीकास्ट को अपनी मर्जी से संचालित करते हैं। खैहरा के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि इस मामले पर अभी तक सरकार या आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

