पंजाब बंद को गुरदासपुर और दीनानगर में मिला भरपूर समर्थन, बाजार रहे पूरी तरह बंद

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:14 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर गोराया, हरमन): सफाई कर्मचारियों द्वारा दिए गए पंजाब बंद के आह्वान का गुरदासपुर और दीनानगर में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं, जिस कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर भी दिन के मुकाबले चहल-पहल कम नजर आई।

गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आज पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया था। इस बंद को गुरदासपुर व्यापार मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी समर्थन दिया। इसके चलते सुबह से ही शहर के अलग-अलग बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों के हक में रोष प्रकट किया और सरकार से मांग की है कि उनकी मांगों को तुरंत माना जाए। 

बंद के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही, लेकिन बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं। आवश्यक कार्य से बाजार पहुंचे लोगों को भी बंद के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। बंद के दौरान पूरे शहर में स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही तथा अभी तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News