पंजाब के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, केंद्र से आए 28 हजार करोड़ रुपए, अब नहीं होगी परेशानी

punjabkesari.in Sunday, Mar 30, 2025 - 03:40 PM (IST)

पंजाब डेस्क : पंजाब में गेहूं की फसल पक कर तैयार हो चुकी है और पंजाब सरकार द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू करने का ऐलान किया है। इसे लेकर पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पंजाब सरकार को 28,894 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (सी.सी.एल.) मिल गई है। इस कारण अब किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।    

उन्होंने कहा कि इसके अलावा गेहूं के भंडारण की भी पूरी व्यवस्था कर ली गई है। किसानों से गेहूं की खरीद के लिए 1,864 मंडियों में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले प्रदेश के लगभग 8 लाख किसानों को पीने के पानी के अलावा सभी प्रकार की मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के पूरे प्रबंध किए गए हैं।

मंत्री कटारूचक ने आगे कहा कि इन 1,864 मंडियों के अलावा, लगभग 700 अस्थायी मंडियों की भी व्यवस्था की गई है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर खोला जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने निर्देश दिए हैं कि किसानों की फसलों का पैसा 24 घंटे के अंदर उनके खातों में भेजा जाए, जिसके अनुसार किसानों को उनकी फसलों की बनती राशि 24 घंटे के अंदर उनके खातों में डाल दी जाएगी।

फसल के बारे में बात करते हुए मंत्री कटारूचक ने आगे कहा कि किसानों का जीवन उनकी फसलों पर निर्भर करता है। इस फसल को बेचते समय कोई अप्रिय घटना न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए डी.जी.पी. ने पंजाब बिजली बोर्ड के चेयरमैन और सभी डी.सी. को पत्र लिखकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि उन्हें किसी भी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। पंजाब सरकार उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदेगी और 24 घंटे के अंदर उनके खातों में पैसा भेज देगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News