भाजपा और AAP ने रचा चक्रव्यूह! अब पंजाब के इन जिलों में कांग्रेस को मिलेगा बड़ा झटका!

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 08:36 AM (IST)

जालंधर: सीमा से सटे पंजाब के जिला फाजिल्का को कांग्रेस मुक्त बनाने की चक्रव्यूह रचना भाजपा और आम आदमी पार्टी में चल रही है। अगर सब कुछ दोनों पार्टियों के मुताबिक रहा तो अगस्त माह के अंत तक फाजिल्का जिला कांग्रेस मुक्त होने वाला राज्य का प्रथम जिला होगा। अबोहर के बाद जिला फाजिल्का और जलालाबाद शहर में कांग्रेस को बड़ा झटका मिलने की तैयारी है। इसके लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी में एक प्रकार से मुकाबला चल रहा है कि जिले में कौन सबसे पहले कांग्रेस का सफाया करता है।

गत सप्ताह 50 सदस्यीय अबोहर नगर निगम में कांग्रेस के 49 पार्षदों में से लगभग सभी दल परिवर्तन करके भाजपा में चले गए। फाजिल्का जिला के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भी मौका देखकर भाजपा में शामिल हो गए। कहने को तो अबोहर में संदीप जाखड़ कांग्रेस के विधायक हैं परंतु कांग्रेस का झंडा अबोहर से गायब है। संदीप जाखड़ पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के भतीजे हैं। जलालाबाद से एक पूर्व विधायक भी भाजपा का दामन थामने की तैयारी में है। सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद शीघ्र ही भाजपा यहां अपना झंडा बुलंद कर सकती है। जलालाबाद नगर पालिका में कांग्रेस की उठापटक हो चुकी है जहां आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस में सेंधमारी की है। फाजिल्का नगर पालिका के 6 कांग्रेसी पार्षदों को आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों में देखा जा रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर प्रांतीय अध्यक्ष की नजर इन घटनाक्रमों पर तो है पर वह कुछ कर पाने में असहाय हैं। कांग्रेस जिला प्रधान की कांग्रेस के प्रति वफादारी, कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्न उठने लगे हैं। गत विधानसभा चुनावों में फाजिल्का जिला की 4 विधानसभा सीटों में से एक अबोहर की कांग्रेस के पास है, शेष 3 जलालाबाद, फाजिल्का और बल्लुआना पर आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। भाजपा और आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ कार्यालयों में फाजिल्का जिला को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। गौरतलब है कि फाजिल्का जिला लोकसभा फिरोजपुर के अधीन आता है जहां अकाली दल के सुखबीर बादल सांसद हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News