Big News: पंजाब में बाढ़ की चपेट में आने से एक और पुल गिरा, आना-जाना हुआ बंद

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 12:07 PM (IST)

गुरदासपुर(विनोद): बाढ़ के पानी ने चक्क शरीफ से भैणी मियां खां जाने वाले रास्ते पर बने नाले के पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिसके कारण पुल ढह गया है। जिलाधीश डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिला योजना बोर्ड गुरदासपुर के चेयरमैन जगरूप सिंह सेखवों सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ इस पुल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। 

जिलाधीश डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि चक्क शरीफ से भैणी मियां खां के रास्ते में एक नाला है जिस पर यह पुल बना है। उन्होंने कहा कि नाले में बाढ़ के पानी का बहाव तेज होने के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण करने के बाद इसे असुरक्षित घोषित कर दिया और यातायात बंद कर दिया गया।

 उन्होने कहा कि चक्क शरीफ से भैणी मियां खां तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए तीन अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग हैं, जिनमें से भैणी मियां खां से घोडेवाह, तुगलवाल, गुरदासपुर, तिबडी, पुराना शाला होते हुए चक्क शरीफ पहुंचा जा सकता है। दूसरा मार्ग चक्क शरीफ से झंडा गुजरां और कोटला गुजरां से होते हुए भैणी मियां खां तक और तीसरा मार्ग चक्क शरीफ से बलवंडा, राजू बेला, छिछरा  होते हुए भैणी मियां खां तक जाया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News