पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई, DSP व SHO को किया Suspend, जानें मामला
punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 07:50 PM (IST)

अमृतसर : मजीठा में नकली शराब के कारण हुए जानी नुक्सान के बाद पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बताया जा रहा है कि गैर-कानूनी शराब कारोबार के मामले में जहां पुलिस ने सरगना सहित कई स्थानीय विक्रेताओं और औद्योगिक उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले घातक रसायन मीथेनौल के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में लापरवाही बरतने पर डी.एस.पी. व थाना एस.एच.ओ. को सस्पैंड कर दिया है। जानकारी अनुसार डी.एस.पी. सब-डिवीजन मजीठा अमोलक सिंह व एस.एच.ओ. थाना मजीठा के एस.आई. अवतार सिंह को डयूटियों में लापरवाही बतरने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल आफ पुलिस (डी.जी.पी.) पंजाब गौरव यादव ने दी। इस रैकेट के गिरफ्तार सरगना की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है जबकि मीथेनौल के मुख्य सप्लायर की पहचान लुधियाना के सुख एन्क्लेव में साहिल केमिकल्स के मालिक पंकज कुमार उर्फ साहिल और अरविंद कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने स्थानीय वितरकों, जिनकी पहचान प्रभजीत सिंह और कुलबीर सिंह के रूप में हुई है और स्थानीय विक्रेताओं, जिनकी पहचान निंदर कौर, साहिब सिंह, गुरजंट सिंह, अरुण उर्फ काला और सिकंदर सिंह उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, को भी गिरफ्तार किया है।
डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सरगना साहिब सिंह द्वारा ऑनलाइन खरीदे गए मीथेनौल कैमिकल का इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस मामले का मुकम्मल तौर पर पर्दाफाश करने और इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए जांच चल रही है।