Punjab : बिजली के खंभे से जा टकराया बजरी से भरा टिप्पर, बड़ा हादसा होने से टला

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 06:56 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर गोराया): गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब से कलानौर की ओर जा रहा बजरी से भरा एक टिप्पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसा उस समय हुआ जब टिप्पर चालक का स्टीयरिंग से नियंत्रण खो गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर नहीं था, जिससे जानी नुकसान होने से बच गया। टिप्पर चालक भी बाल-बाल बच गया।

जानकारी देते हुए टिप्पर चालक ने बताया कि वह गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब की तरफ से कलानौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान टिप्पर के स्टीयरिंग का नट निकल जाने के कारण स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया और उसका वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद टिप्पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया।

यह रास्ता गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है और यहां अक्सर बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में अगर हादसे के समय कोई राहगीर या श्रद्धालु टिप्पर की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के कारण बिजली का खंभा टूट गया, जिससे इलाके की बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे की जांच की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रक मालिक से बातचीत हो चुकी है और हादसे में हुए नुकसान की भरपाई करवाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News