पंजाब में फिरौती का खौफ! रेस्टोरेंट के बाहर Firing, पोस्ट में जिम्मेदारी लेने का दावा
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 10:16 PM (IST)
सुल्तानपुर लोधी (गुरप्रीत सिंह): शहर के मशहूर बरिस्ता रेस्टोरेंट के बाहर कथित फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। इस घटना से जुड़ी एक CCTV फुटेज सामने आने की बात भी कही जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, रेस्टोरेंट के मालिकों को कुछ दिन पहले लाखों रुपये की फिरौती मांगने वाली कॉल्स आने की चर्चा है। इसी बीच रेस्टोरेंट के बाहर फायरिंग की यह घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मौके पर केवल एक गोली चलाई गई थी, हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई। जानकारी के मुताबिक, “chan_dhillon307” नाम से चलाए जा रहे एक इंस्टाग्राम अकाउंट की ओर से इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में फोन कॉल्स का जवाब न मिलने का हवाला भी दिया गया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

एएसपी धीरेंद्र वर्मा का बयान आया सामने
मामले को लेकर एएसपी धीरेंद्र वर्मा ने कहा कि बरिस्ता रेस्टोरेंट के बाहर कथित फायरिंग की घटना की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में शिकायत प्राप्त हो चुकी है और सभी तकनीकी व स्थानीय सबूतों की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में मौके से न तो कोई खाली खोल बरामद हुआ है और न ही गोली लगने के कोई निशान मिले हैं। इसके बावजूद पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। एएसपी ने कहा कि यदि जांच के दौरान कोई भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

