पंजाब: ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना, इलाके में तनाव का माहौल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 10:57 AM (IST)

गोराया (मुनीश): गोराया ब्लाक के गांव माहला में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाके में भारी रोष और तनाव का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली जसप्रीत कौर ने बताया कि वह शाम करीब 5 बजे गुरुद्वारा साहिब खोल कर आई थीं। उस समय अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके बाद वह माथा टेककर घर लौट गईं। लगभग एक घंटे बाद शाम छह बजे के करीब, गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना को अंजाम दिया गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 6 अंग फाड़कर अंदर और बाहर फैकें गए हैं।

सूचना मिलते ही गांववासी , सत्कार कमेटियां, सिंह साहबान बड़ी संख्या में गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। वही गांव वासियों ने बताया गया कि गुरुद्वारा परिसर में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन घटना के समय कोई भी कैमरा कार्यरत नहीं था। हालांकि यहां स्थायी ग्रंथी सिंह की नियुक्ति नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, पूर्व विधायक बलदेव सिंह खैहरा, पूर्व एस.जी.पी.सी. सदस्य हरजिंदर सिंह, एस.जी.पी.सी. सदस्य जत्थेदार कुलबीर सिंह बड़ा पिंड मौके पर पहुंचे। डी.एस.पी. फिल्लौर भरत मसीह और एस.एच.ओ. गोराया सिकंदर सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।

गांव की सरपंच बलविंदर कौर ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। डी.एस.पी. भरत मसीह ने कहा इस मामले में गुरुद्वारा कमेटी की बड़ी लापरवाही सामने आई है क्योंकि न तो गुरु घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरा काम कर रहे है न ही कोई पक्का सेवादार तैनात किया गया है। पुलिस ने आसपास से सी.सी.टी.वी. फुटेज ली है, जिसमें कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News