जालंधर के रिहायशी इलाके में दुकान में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 09:54 AM (IST)
जालंधर (सोनू): शहर की नूरपुर कॉलोनी के पास सुंदर नगर इलाके में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर मोबाइल फोन की दुकान में जा घुसी। उस समय दुकान के अंदर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि दुकान का सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक सुंदर नगर स्थित 'शिवम मोबाइल वर्ल्ड' में महिला बैठी हुई थी, तभी अचानक बोलेरो सीधे दुकान के अंदर आ घुसी। हादसे में महिला को हल्की चोट आई, जबकि दुकान में रखा सामान टूट गया। घटना के बाद चालक मौके पर मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इलाका निवासियों ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। थाना नंबर 8 की पुलिस टीम जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार पीसीआर से सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वाहन चालक जसवीर सिंह, जो हरगोविंद नगर का निवासी बताया जा रहा है, का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार था और दवा लेने के लिए गाड़ी रोककर नीचे उतरा था। इसी दौरान कंडक्टर सीट पर बैठा साथी ड्राइवर सीट पर आ गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

