पंजाब : 20 मई को मेडिकल स्टोर बंद करने की कॉल के बीच बड़ा फैसला
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 01:34 PM (IST)
अमृतसर (दलजीत): पंजाब भर में 20 मई को मेडिकल स्टोर बंद करने की कॉल को लेकर चल रही हलचल के बीच अब बड़ा खुलासा सामने आया है। पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए ऐलान किया है कि 20 मई को पूरे पंजाब में कोई भी मेडिकल स्टोर बंद नहीं होगा और सभी दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी। यह अहम फैसला अमृतसर के मॉल रोड स्थित होटल में हुई राज्य स्तरीय बैठक के दौरान लिया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रधान अशोक गोयल ने की। बैठक में पंजाब के सभी जिलों से आए प्रधान, महासचिव और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया।
प्रधान अशोक गोयल ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा दी गई बंद की कॉल न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है बल्कि जनहित के भी खिलाफ है। उन्होंने साफ कहा कि दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं एमरजेंसी सेवाओं में आती हैं और इन्हें बंद करना मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ है। वर्किंग प्रधान राज कुमार शर्मा और महासचिव मनमोहन सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ और लीडरी चमकाने के लिए केमिस्ट समुदाय को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे तत्वों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
एसोसिएशन ने राज्य भर के रिटेलर और होलसेलर कैमिस्टों को निर्देश दिए कि 20 मई को जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन गलत जानकारी फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर दलीप सिंह, हरीश सेठी, विशाल देवराज, राजकुमार शर्मा, राजिंदर जुनेजा, मिक्की मिगलानी, प्रेम गर्ग, नरेंद्र पाल लाली, गुरशरण सिंह ढिल्लों, किरपा शंकर, मोती लाल मित्तल, एच.एस. चन्नी, पंकज गुप्ता, अशोक कुमार, अशोक पुरी, कपिल अरोड़ा, अशोक गोयल, मनमोहन सिंह, राकेश कुमार (भिखी), महेश इंदरजीत सिंह, अखिलेश शर्मा उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

