Punjab : मामूली झगड़े ने लिया खूनी रूप, फायरिंग दौरान एक की मौत, 3 घायल
punjabkesari.in Tuesday, May 20, 2025 - 11:39 PM (IST)

राजपुरा (चावला, हरविंदर) : गांव भोगल में बच्चों को लेकर 2 परिवारों में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक पक्ष द्वारा चलाई गई गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले अरमिंदर सिंह व उसके पड़ोसी घरों के बच्चों में झगड़ा हुआ था। कल बच्चों के बीच बहसबाजी पहले मारपीट में बदल गई और फिर अमरिंद्र सिंह नाम का व्यक्ति जो सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है और उसके पास 12 बोर की लाइसैंसी बंदूक है, ने गोली चला दी। गोली से अमरजीत सिंह (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरजीत सिंह की बेटी सुखप्रीत कौर, जगदीप सिंह और हरजोत सिंह गोली के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
खेड़ी गंडिया थाने के एस.एच.ओ. स्वर्ण सिंह ने बताया कि दर्शन सिंह की शिकायत पर अमरिंदर सिंह, उसकी पत्नी दलजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।