Punjab : जवैलरी दुकान में चोरी मामले में नया मोड़! बरामद चांदी निकली नकली
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 08:04 PM (IST)
बठिंडा, (विजय, परमिंद्र): महानगर के प्रताप नगर इलाके में ज्वैलरी दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में उस समय नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया, जब पुलिस द्वारा बरामद की गई चांदी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए चोरों ने चोरी की चांदी अहमदगढ़ भेज दी थी, जहां उसे पिघलाकर नई चांदी के रूप में तैयार किया गया।
जब यह चांदी पीड़ित पारस ज्वेलर्स के मालिक गुरमीत सिंह को दिखाई गई, तो उन्होंने इसे नकली चांदी बताते हुए लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मामले ने नया रूप ले लिया है और अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या चोरी हुई चांदी ही नकली थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरमीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 में भी नकली गहने बनाने का मामला दर्ज हो चुका है। इतना ही नहीं, इस मामले में ज्वैलर द्वारा दिए गए बिल भी अब जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि करीब एक दर्जन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि चोरी में शामिल पूरा गिरोह संगठित तरीके से काम करता है और इसकी कड़ियां दूसरे शहरों से भी जुड़ी हो सकती हैं।
एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी तथ्य सामने लाकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

