पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, इलाके में सनसनी

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 10:53 AM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का संदिग्ध हालातों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परिवार ने यह भी संदेह जताया है कि लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 9:15 बजे उसने अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पुरानी शाला पहुंच गया है और करीब 15 मिनट बाद वह आकर उसे बाइपास पर ले जाए। इससे पहले कि परिजन उस तक पहुंच पाते, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

PunjabKesari

परिजनों के मुताबिक जब विनोद कुमार का शव मिला तो उनके पास उनका निजी सामान भी मौजूद नहीं था। इससे परिजन आशंका जता रहे हैं कि लूट के इरादे से घटना को अंजाम दिया गया है। परिवार ने मामले की गहन जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि विनोद कुमार सुजानपुर में तैनात थे। पदोन्नत होने के बाद वह पुलिस केंद्र जहानखेलां में ट्रेनिंग ले रहे थे। उन्हें संगरूर भेजा गया था और देर रात वहां से लौट रहे थे। इसी बीच उनके साथ ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।

विनोद कुमार के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र आठ और पांच साल बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News