पंजाब पुलिस में जल्द खलेगी आफिसरों की कमी, इस साल रिटायर होने वालों में 75 DSP

punjabkesari.in Saturday, May 20, 2023 - 10:44 AM (IST)

जालंधर(अनिल पाहवा): पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार अपनी तरफ से कोशिशों में जुटी हुई है तथा कानून-व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, लेकिन राज्य में पुलिस आफिसरों की लगातार कम हो रही संख्या एक चिंता का विषय बनती जा रही है। लगातार रिटायर हो रहे पुलिस आफिसर सबसे बड़ी चिंता का विषय है। इसके साथ ही बहुत से आफिसर ऐसे भी हैं, जो पुलिस की नौकरी छोड़कर विदेश में सैटल होने की तैयारी कर रहे हैं या सैटल हो चुके हैं।

पंजाब में डी.एस.पी. या इसके बराबर के रैंक के करीब साढ़े चार सौ अधिकारी हैं, लेकिन ताजुब की बात है कि वर्ष 2023 में बड़ी संख्या में डी.एस.पी. सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2023 से अप्रैल तक 2 दर्जन के करीब डी.एस.पी. स्तर के अधिकारी रिटायर भी हो गए। जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में करीब 4 दर्जन और अधिकारी रिटायर हो जाएंगे। बड़ा सवाल है कि इतनी संख्या में अधिकारियों के रिटायर होने के बाद लॉ एंड आर्डर को नियंत्रित करना इतना आसान नहीं रह जाएगा। 31 मई को 6 और डी.एस.पी. रिटायर हो रहे हैं, जबकि दिसम्बर 2023 में एक साथ 11 डी.एस.पी. रिटायर होंगे।

पुलिस आफिसरों में विदेश में सैटल होने का क्रेज
वैसे तो पंजाब के अलग-अलग विभागों के कर्मियों और अधिकारियों में विदेश में सैटल होने का क्रेज है। इस मामले में पुलिस के आफिसर भी पीछे नहीं हैं। इसके लिए कई पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी भी वी.आर.एस. ले रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार एक साल में पंजाब पुलिस के करीब 40 कर्मचारियों ने वी.आर.एस. ली है, इनमें कुछ आफिसर भी शामिल हैं। कुछ डी.एस.पी. स्तर के अधिकारी भी वी.आर.एस. लेकर विदेश में सैटल होने की तैयारी कर रहे हैं। पहले से ही पंजाब पुलिस में अधिकारियों की कमी है, उसके बाद अब वी.आर.एस. लेने के कारण यह कमी और बढ़ सकती है।

हैल्थ इश्यू को लेकर भी रिटायरमैंट ले रहे आफिसर
पंजाब पुलिस में तैनात कई अधिकारी जहां विदेश में सैटल होने के लिए रिटायरमैंट ले रहे हैं, वहीं बहुत से अधिकारी ऐसे भी हैं, जो निजी या हैल्थ इश्यू के कारण समय से पहले रिटायरमैंट ले रहे हैं। संभवत: इनमें से भी कुछ विदेश जाकर बस जाएंगे, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इन आफिसरों पर सालों तक पंजाब की सुरक्षा का जिम्मा रहा है, लेकिन रिटायर होने या समय से पहले रिटायरमैंट लेने के कारण जो कुर्सी खाली हो रही है, उसे भरने में दोबारा समय लगेगा।

अन्य पदों पर तैनात आफिसर भी छोड़ रहे नौकरी
पंजाब पुलिस में सिर्फ डी.एस.पी. ही नहीं, बल्कि अन्य पदों पर तैनात कर्मचारियों व आफिसरों में समय से पहले रिटायरमैंट लेने का क्रेज बढ़ रहा है। पंजाब पुलिस मुख्यालय के पास राज्य के 3 प्रमुख जिलों संगरूर, अमृतसर व लुधियाना का आंकड़ा पहुंचा है और यह आंकड़ा काफी हैरान कर देने वाला है। इन तीनों जिलों में पिछले तीन सालों में 100 से अधिक पुलिस कर्मियों और अधिकारियों ने वी.आर.एस. ली, जिनमें डी.एस.पी. से लेकर इंस्पैक्टर व कांस्टेबल तक शामिल थे। अभी बाकी जिलों का खाका तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद यह आंकड़ा काफी बड़ा हो जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News