पंजाब-चंडीगढ़ Weather Update: आज कई इलाकों में बारिश! 28 तारीख तक मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 09:05 AM (IST)
पंजाब डेस्कः पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को लेकर अहम अपडेट सामने आई है। पिछले दो दिनों से मौसम सूखा रहने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मार्च को राज्य के 11 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। तापमान की बात करें तो रूपनगर में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में छिटपुट बारिश हो सकती है। विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, 23, 25, 26 और 28 मार्च को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। साथ ही, अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद तापमान स्थिर हो जाएगा।
विभाग के मुताबिक, 24 मार्च को मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे ऊपरी वायुमंडल में हलचल बनी हुई है। वहीं, 26 मार्च के आसपास एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत, खासकर पंजाब में असर दिखा सकता है, जिससे बादल बढ़ने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

