मूंछों को ताव देते मजीठिया का CM मान को तंज, बोले- "मैं तां ऐं ही गरजु..." (Watch Video)

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 05:53 PM (IST)

पंजाब डेस्क: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सीमावर्ती हलके खेमकरण में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला। वह अकाली दल द्वारा आयोजित ‘पंजाब बचाओ रैली’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मजीठिया ने राज्य की मौजूदा स्थिति की तुलना ‘इमरजेंसी’ से करते हुए कहा कि आज सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर तुरंत मामले दर्ज कर दिए जाते हैं।

मजीठिया ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर बेखौफ अंदाज में कहा कि वह मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “अब तो UAPA और NSA ही रह गए हैं, चाहें तो वे भी लगा दें।” मूंछों को ताव देते हुए उन्होंने कहा, “मजीठिया तां ऐं ही गरजु” और वह ऐसे मामलों से घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के अस्पताल में भर्ती होने और बाहर आने पर तंज कसते हुए कहा कि वह अस्पताल से ऐसे बाहर आते हैं जैसे कोई ‘पेरोल’ पर आया हो और विरोधियों के खिलाफ बयान देकर फिर से दाखिल हो जाते हैं। उन्होंने अकाली कार्यकर्ता कंचनप्रीत पर दर्ज कई मामलों का जिक्र करते हुए सरकार पर महिलाओं को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मजीठिया ने दावा किया कि आज पंजाब के हर गांव में नशा खुलेआम बिक रहा है और लोगों को फिरौती के फोन आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि डीजीपी और चीफ सेक्रेटरी जैसे अधिकारी राजनीतिक मंचों पर नजर आ रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने एक सरपंच की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है। मजीठिया ने पंजाब पर चढ़े साढ़े चार लाख करोड़ रुपए के कर्ज का जिक्र करते हुए राज्य को आर्थिक रूप से ‘आईसीयू’ में बताया। उन्होंने बादल सरकार के समय की तुलना करते हुए कहा कि उस दौर में कर्मचारियों को समय पर डीए (महंगाई भत्ता) और वेतन आयोग का लाभ मिलता था, जबकि मौजूदा सरकार केवल बड़े अधिकारियों को फायदा दे रही है और निचले स्तर के कर्मचारी 16 प्रतिशत डीए की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में नए स्कूल और अस्पताल खोलने के बजाय 2500 नए शराब ठेके खोलने के लिए सरकार की आलोचना की। रैली के दौरान मजीठिया ने लोगों से अपील की कि 2027 के चुनावों में ‘झाड़ू’ को तिनका-तिनका कर पंजाब से बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब को आज केवल प्रचार की नहीं, बल्कि ठोस प्रशासन की जरूरत है, जो केवल शिरोमणि अकाली दल ही दे सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News