PM मोदी के नेतृत्व में पंजाब को ₹4.13 लाख करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई: केवल सिंह ढिल्लों

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 06:02 PM (IST)

चंडीगढ़,  : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज कहा कि जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में परिवर्तनकारी शासन के 12 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है, तब पंजाब के लोगों को यह जानना चाहिए कि इस अवधि के दौरान भारत सरकार द्वारा राज्य को अभूतपूर्व वित्तीय सहायता, आधारभूत ढांचे का विकास, जनकल्याणकारी पहलें तथा किसान-केंद्रित योजनाएं प्रदान की गई हैं।

सरदार ढिल्लों ने कहा कि आंकड़े स्पष्ट रूप से सिद्ध करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार से पंजाब को ऐतिहासिक समर्थन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कर हस्तांतरण, अनुदान सहायता, जीएसटी क्षतिपूर्ति तथा केंद्रीय ऋणों के माध्यम से पंजाब को प्रत्यक्ष रूप से ₹4.13 लाख करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। 

पंजाब को कर हस्तांतरण के रूप में ₹1.84 लाख करोड़ से अधिक, अनुदानों के रूप में ₹1.48 लाख करोड़, जीएसटी क्षतिपूर्ति के रूप में ₹39,997 करोड़ तथा केंद्र से ऋण और अग्रिमों के रूप में ₹40,767 करोड़ से अधिक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में विभिन्न वित्त आयोगों के दौरान केंद्रीय करों में पंजाब की हिस्सेदारी लगातार बढ़ी है, जो राज्य के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सरदार ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को ₹43,527 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, ₹34,488 करोड़ के रेलवे निवेश, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत ₹6,552 करोड़, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ₹5,773 करोड़ तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ₹5,295 करोड़ का लाभ मिला है। पीएम-किसान योजना से 11 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि 17 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल के जल कनेक्शन प्राप्त हुए हैं। पंजाब में आयुष्मान भारत, एम्स बठिंडा, नए मेडिकल कॉलेजों तथा 565 से अधिक जन औषधि केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है, जहां लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भाजपा पंजाब अध्यक्ष ने कहा कि ये उपलब्धियां “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” की भावना को प्रतिबिंबित करती हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने केवल योजनाओं की घोषणा ही नहीं की, बल्कि बेहतर आधारभूत ढांचे, उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं, किसान कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार के अवसरों और बेहतर संपर्क व्यवस्था के रूप में धरातल पर ठोस परिणाम भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बारह वर्ष पंजाब और देश के लिए विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के एक नए युग का प्रतिनिधित्व करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News